कपकोट।राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) एवं संजीवनी विकास एवं जनकल्याण समिति के सहयोग से संचालित आदिवासी विकास परियोजना के तहत नाबार्ड के मुख्य विकास प्रबंधक गिरीश पंत ने मंगलवार को कपकोट क्षेत्र के तिमलबगड़, फरसाली पल्ली और मल्लादेश स्थित कीवी बागानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कीवी उत्पादक किसानों से बातचीत कर बागानों की स्थिति का जायजा लिया तथा उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने और प्रशिक्षण के लिए भवान सिंह के संपर्क में रहने की सलाह दी।
मुख्य विकास प्रबंधक गिरीश पंत ने कहा कि यदि किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर नियमित देखभाल करें, तो कीवी उत्पादन की गुणवत्ता और पैदावार दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने किसानों से अपने बागानों की निरंतर निगरानी और मेहनत के साथ खेती करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) ने कपकोट क्षेत्र में कीवी फलों के सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज की आवश्यकता पर भी बल दिया। उनका कहना था कि कोल्ड स्टोरेज की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने, बेहतर बाजार मिलने और उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े:कपकोट में सफाई कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ धरना
इस अवसर पर संजीवनी विकास एवं जनकल्याण समिति के परियोजना प्रबंधक संतोष जोशी, विनोद घुघतियाल एवं दीवान सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
