कपकोट क्षेत्र के रिखाड़ी–वाछम मोटर मार्ग पर हाल ही में हुए डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सड़क का डामरीकरण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया, जिसके चलते पहली ही बारिश में सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही सड़क पर जलभराव और गड्ढों की समस्या भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर सड़क की मौजूदा स्थिति और लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उनका कहना था कि डामरीकरण के कुछ ही दिनों बाद सड़क की खराब स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
यह भी पढ़े:पिंडारी, कफनी और सुंदरढूंगा ग्लेशियर को समय से पहले बंद करने का विरोध, पर्यटन सत्र बढ़ाने की मांग
अधिशासी अभियंता ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।
