कपकोट। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, शामा में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों और काश्तकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं बागेश्वर जनपद के प्रभारी मंत्री राम सिंह कैडा़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री राम सिंह कैडा़ ने किसानों से संवाद करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल कृषि की एक पद्धति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैडा़ ने शामा क्षेत्र में विकसित कीवी बागानों का निरीक्षण किया और किसानों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बागवानी और प्राकृतिक खेती किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इसके बाद प्रभारी मंत्री लीती गांव पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनके खेतों और कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में की जा रही खेती, बागवानी और कृषि नवाचारों की जानकारी ली तथा किसानों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही किसानों की समस्याओं को सुनते हुए कृषि विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
वहीं कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि क्षेत्र में कृषि और बागवानी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
यह भी पढ़े:उत्तराखंड में फिर मौसम का कहर! 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बारिश-तूफान और बर्फबारी की चेतावनी
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभा गड़िया, दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, मंडल अध्यक्ष हरीश कोरंगा, किसान आयोग सदस्य कुंदन रेखोला, जिला महामंत्री संजय परिहार, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, जिला मंत्री ओम प्रकाश ऐठानी, मंडल अध्यक्ष देवालचौरा भूपेश फर्त्याल, मंडल महामंत्री कमल मिश्रा, युवा मोर्चा महामंत्री हरीश मेहरा, वन विभाग के अधिकारीगण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, ‘कीवी मैन’ भवान सिंह कोरंगा, जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा, क्षेत्र पंचायत सदस्य शामा शांति देवी, ग्राम प्रधान शामा प्रेमा देवी, ग्राम प्रधान बड़ीपन्याली गोपाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंजर कोरंगा, ग्राम प्रधान नामती चेटाबगड़ दीक्षा कोश्यारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए तथा कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और संभावनाओं पर चर्चा की।
