उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
यह भी पढ़े:पिंडारी ग्लेशियर से ट्रेल्स पास तक रोमांचक सफर, जानलेवा चुनौतियों के बीच जीती जंग
इधर, मसूरी में गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि बारिश के दौरान घूमने आए पर्यटकों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश थमने के बाद ठंडी हवाओं और बादलों के बीच लोगों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया।
