कपकोट। ग्राम सभा लीती में स्वर्गीय डिगर सिंह कोरंगा की स्मृति में नव युवक मंगल दल लीती द्वारा आयोजित तृतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की।
कार्यक्रम के संयोजक भूपेंद्र कोरंगा ने बताया कि “नशे को ना, खेल को हाँ” अभियान के तहत इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। प्रतियोगिता में कपकोट क्षेत्र की दर्जनों टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन मुकाबला माँ भगवती क्लब लीती और इंटर कॉलेज शामा वॉरियर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में माँ भगवती क्लब लीती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
यह भी पढ़े:विश्व पर्यावरण दिवस पर बागेश्वर में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
इस अवसर पर गर्जिल हेरिटेज पब्लिक स्कूल के प्रबंधक भूपेश गड़िया, नव युवक मंगल दल के अध्यक्ष डिगर सिंह, ग्राम प्रधान मीना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कला देवी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
