चंपावत के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने कथित साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार कमल रावत, उसकी महिला मित्र और आनंद सिंह माहरा के खिलाफ नामजद युवक के पिता की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
एसपी रेखा यादव ने प्रेसवार्ता में बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कमल रावत ने कथित रूप से बदले की भावना से अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर पूरी घटना की योजना बनाई थी।
जांच में सामने आया कि 16 वर्षीय किशोरी विवाह समारोह में अपनी इच्छा से अपने परिचित युवक के साथ गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटनास्थल और गतिविधियों की पुष्टि की है।
एसपी ने बताया कि कुछ गवाहों के बयान तकनीकी साक्ष्यों से मेल नहीं खा रहे हैं। वहीं घटना वाले दिन कमल रावत, किशोरी और उसकी महिला मित्र के बीच कई बार फोन पर बातचीत होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार न्यायालय में दिए गए बयान में किशोरी ने अपने साथ किसी प्रकार की घटना होने से इनकार किया है और पूरे मामले को मनगढ़ंत बताया है।
यह भी पढ़े:UKSSSC ने जारी किया भर्ती परीक्षा कैलेंडर, 2000 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि पहले नामजद किए गए कुछ लोगों की घटना स्थल पर मौजूदगी के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
