उत्तराखंड सरकार ने पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक अहम कदम उठाया है। अब इन क्षेत्रों में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को हेलिकॉप्टर के जरिए भेजने की योजना बनाई जा रही है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों की समीक्षा बैठक के दौरान इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अक्सर दूरस्थ इलाकों से मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और जान दोनों का जोखिम बढ़ जाता है। इस नई व्यवस्था से डॉक्टर सीधे मरीजों तक पहुंचेंगे और मौके पर ही इलाज संभव हो सकेगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहें। यात्रा मार्गों पर मौजूद सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयां और उपकरण उपलब्ध हों, साथ ही डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर तय की जाए।
यह भी पढ़े:चमोली में बड़ा हादसा: आकाशीय बिजली से 500 बकरियों की मौत, पशुपालकों पर टूटा संकट
मंत्री ने मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों को मरीजों के साथ व्यवहार में सुधार लाने की सलाह भी दी। इसके अलावा सरकार ने पिथौरागढ़ और रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेजों को इसी साल शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
