देहरादून। राजधानी में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने असली भू-स्वामी की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन की रजिस्ट्री करा दी। इस पूरे मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है
पुलिस के मुताबिक, सहस्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने 14 सितंबर 2026 को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि संजय त्यागी और उसके साथियों ने उन्हें जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था। सौदे को सही दिखाने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी कागजात तैयार किए और रजिस्ट्री के दौरान असली मालिक के स्थान पर एक अन्य व्यक्ति को पेश कर दिया।
इसी आधार पर शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। आरोप है कि इस सौदे के बदले उनसे करोड़ों रुपये वसूल लिए गए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद राजपुर पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य जांच माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम को मंगलवार को सफलता मिली। आईटी पार्क के पिछले गेट के नजदीक धोरण रोड से संजय त्यागी और परविंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़े:बागेश्वर में धीरेन्द्र परिहार हत्याकांड का खुलासा, महिला समेत दो गिरफ्तार
पुलिस अब इस कथित जमीन घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

1 thought on “देहरादून में करोड़ों की जमीन का फर्जीवाड़ा, असली मालिक की जगह पेश किया नकली व्यक्ति; दो गिरफ्तार”